रोहतक - कैंसर आज भारत में एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या बन चुका है। हर साल देश में 14 लाख से अधिक नए मामले सामने आते हैं। महिलाओं में स्तन और सर्वाइकल कैंसर, जबकि पुरुषों में मुंह और फेफड़ों का कैंसर अधिक देखने को मिलता है। हालांकि, समय पर पहचान और आधुनिक इलाज से कई तरह के कैंसर का बेहतर उपचार संभव है।
कैंसर होने के कई कारण हो सकते हैं। तंबाकू का सेवन, चाहे बीड़ी, सिगरेट, गुटखा या खैनी के रूप में हो, मुंह, गले और फेफड़ों के कैंसर का बड़ा कारण है। शराब पीने से भी खतरा बढ़ता है। महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर का मुख्य कारण HPV नाम का वायरस है, जिससे बचाव के लिए वैक्सीन उपलब्ध है। मोटापा, शारीरिक गतिविधि की कमी और प्रदूषण भी कुछ कैंसर का जोखिम बढ़ा सकते हैं।
मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, द्वारका की रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभाग की डायरेक्टर एवं यूनिट हेड डॉ. दीपिका चौहान ने बताया, "रेडिएशन थेरेपी में खास किरणों की मदद से कैंसर कोशिकाओं को खत्म किया जाता है। यह इलाज बिना दर्द के होता है और कई मरीजों के उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसे सर्जरी के बाद या कीमोथेरेपी के साथ भी दिया जा सकता है।"
आज आधुनिक मशीनों की मदद से रेडिएशन को कैंसर वाले हिस्से पर अधिक सटीक तरीके से पहुंचाया जाता है, जिससे आसपास के स्वस्थ अंगों को कम नुकसान होता है। मुंह के कैंसर में इससे मुंह का सूखापन कम हो सकता है, वहीं स्तन कैंसर के इलाज में दिल को सुरक्षित रखने में मदद मिलती है।
डॉ. चौहान ने आगे बताया कि रेडिएशन थेरेपी दर्द, खून बहने और सांस या निगलने में परेशानी जैसे लक्षणों से राहत देने में भी उपयोगी है।मुंह का घाव तीन सप्ताह तक ठीक न हो, स्तन में गांठ हो या लगातार खांसी आए, तो जांच जरूर कराएं। कैंसर का डर नहीं, बल्कि इलाज में देरी खतरनाक हो सकती है।



